किसानों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाना होगी प्राथमिकता
साहिबगंज, संवाददाता। साहिबगंज जिले के 21वें जिला कृषि पदाधिकारी के रूप में वरुण कुमार ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने उन्हें पदभार सौंपा। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने उनका स्वागत किया।
धान आच्छादन बढ़ाने और कालाबाजारी पर सख्ती की बात:
पदभार ग्रहण करने के बाद जिला कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार ने कहा कि जिले में वर्तमान में धान का आच्छादन लगभग 85 प्रतिशत है। उनकी प्राथमिकता इसे बढ़ाकर शत-प्रतिशत करना होगी, ताकि अधिक से अधिक किसान धान की खेती कर सकें और कृषि उत्पादन में वृद्धि हो।
उन्होंने कहा कि उर्वरकों की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार और विभाग इस मामले में पूरी तरह गंभीर है तथा प्रवर्तन दल नियमित रूप से जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है। यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की सभी कृषि योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, ताकि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी सहायता का अधिकतम लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी राहुल कुमार, आत्मा निदेशक मंटू कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।




