ई-केवाईसी जल्द पूरा करने, समय पर राशन वितरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
बोरियो: प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ/एमओ) सुभाष कुमार की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों एवं ऑपरेटरों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था, ई-केवाईसी, एनएफएसए योजनाओं तथा अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ई-केवाईसी और राशन वितरण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त:
बैठक में बीएसओ ने निर्देश दिया कि जिन राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी अभी तक पूरा नहीं हुआ है, उनका कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। जिन दुकानों का ई-केवाईसी प्रतिशत कम है, उन्हें विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा गया। साथ ही एनएफएसए के तहत राशन वितरण, ग्रीन चना, चना दाल, नमक तथा धोती-साड़ी योजना की समीक्षा करते हुए कम वितरण वाले डीलरों को सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
समय पर खाद्यान्न उठाव और लाभुकों तक वितरण सुनिश्चित करने पर जोर:
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी डीलरों को समय पर खाद्यान्न का उठाव कर निर्धारित अवधि में लाभुकों के बीच वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्ड में जाति संबंधी विवरण अपलोड करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। बैठक में मोहम्मद असलम, सदानंद शाह, संजय मुर्मू, सुनील मुर्मू, छोटेलाल, मोहन कुमार रक्षित, शंभू कुमार दत्ता, जितेन कुमार दत्ता, संजय माल्तो, सुदेश कुमार जायसवाल, ऑपरेटर मनीष कुमार सहित प्रखंड के सभी पीडीएस दुकानदार उपस्थित रहे।




