एक युवक घायल, होटल प्रबंधन ने नशे में हंगामा और दुर्व्यवहार का लगाया आरोप; पुलिस जांच में जुटी
साहिबगंज। नगर थाना क्षेत्र के चौक बाजार स्थित होटल ड्रीम स्टार में शनिवार देर रात ठहरे पर्यटकों और होटल कर्मियों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मोतीझरना घूमने आए थे युवक, मारपीट में एक घायल
जानकारी के अनुसार बिहार के पूर्णिया जिला अंतर्गत फुलवरिया निवासी विनोद कुमार चौहान अपने साथियों के साथ साहिबगंज घूमने आए थे। सभी युवक होटल ड्रीम स्टार के कमरा संख्या 201 एवं 203 में ठहरे हुए थे। शनिवार देर रात किसी बात को लेकर होटल कर्मियों और युवकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में विनोद कुमार चौहान घायल हो गए।
घायल विनोद कुमार चौहान ने नगर थाना में आवेदन देकर होटल कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनके आवेदन के आधार पर गोपाल कुमार, सुशांत कुमार, राजा कुमार सहित अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। नगर थाना कांड संख्या 100/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

होटल प्रबंधन ने भी दर्ज कराया मामलावहीं दूसरी ओर होटल के मैनेजर गोपाल कुमार ने भी युवकों के खिलाफ नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि संबंधित युवक होटल में शराब के नशे में पहुंचे थे तथा शराब सेवन के बाद होटल परिसर में हंगामा कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट की और होटल का माहौल खराब कर दिया।
गोपाल कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि युवकों की गतिविधियों से होटल में ठहरे अन्य मेहमानों को भी परेशानी हुई। साथ ही होटल के एक कर्मचारी के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर दुर्व्यवहार किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। होटल प्रबंधन की शिकायत में कुंदन यादव, रूपेश कुमार मंडल, राजू कुमार चौहान, विनोद कुमार चौहान, चंदन चौहान एवं अशोक मंडल को नामजद किया गया है।
होटल प्रबंधन का दावा है कि पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। घटना के बाद संबंधित कमरों से बीयर के खाली कैन भी बरामद होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध साक्ष्यों तथा दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




