जामताड़ा।शहर के गांधी मैदान में रविवार की शाम एक भव्य सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन का साक्षी बना, जब सामूहिक विवाह समारोह के मंच पर बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे ने अपनी दमदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। जैसे ही अभिनेता मंच पर पहुंचे, पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। अपने चिर-परिचित अंदाज और जबरदस्त ऊर्जा के लिए पहचाने जाने वाले चंकी पांडेय ने मंच संभालते ही माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया। उन्होंने अपने चर्चित गीतों “मैं तेरा तोता, तू मेरी मैना”, “लाल टोपी वाले तेरा नाम तो बता” और “सात समुंदर पार” पर शानदार प्रस्तुति दी। इन गीतों पर युवा ही नहीं, बुजुर्ग और महिलाएं भी झूम उठीं।

देर रात तक दर्शक मैदान में डटे रहे और अभिनेता की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आए। इस खास मौके पर अभिनेता ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में भाईचारे, सादगी और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं, जो आज के समय में बेहद जरूरी है। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता समेत कई गणमान्य लोगों की अहम भूमिका रही। आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जहां पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।
सामाजिक सरोकार और मनोरंजन के इस अनूठे संगम ने पूरे आयोजन को एक बड़े उत्सव में तब्दील कर दिया।




