खेल प्रतिभा निखारने के लिए सरकार प्रतिबद्ध, आउटडोर के बाद अब इंडोर स्टेडियम की सौगात
राजमहल। खेल और युवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में राजमहल में नवनिर्मित इनडोर स्टेडियम का उद्घाटन किया गया। राजमहल विधायक मो ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने राजमहल प्रखंड कार्यालय परिसर में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों और युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आउटडोर स्टेडियम के बाद अब राजमहल को इंडोर स्टेडियम की भी सौगात मिल चुकी है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

विधायक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्टेडियम का संचालन सुचारू रूप से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा एवं खिलाड़ी इसका लाभ उठा सकें और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें। मौके पर कार्यपालक अभियंता रमाकांत, विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो मारूफ उर्फ गुड्डू, सहायक अभियंता प्रेम कुमार, जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारीक शेख, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान, सचिव दुर्गा मंडल , नगर अध्यक्ष मो आजाद, घीसु शेख, विकास यादव, अजय दास, आलोक राय, जाकिर शेख, मो वदूद, श्रवण यादव, सुभाष मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।




