अटल भारत टीवी के निदेशक चंदन सिंह के आवास पर जुटे जिलेभर के पत्रकार, फगवा गीतों व डीजे की धुन पर झूमे

साहिबगंज। संवाददाता। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर साहिबगंज जिला मुख्यालय के नार्थ कॉलोनी स्थित अटल भारत टीवी के निदेशक चंदन सिंह के आवासीय परिसर में मंगलवार को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। पिछले 10 वर्षों से लगातार पत्रकारों के लिए इस समारोह का आयोजन किया जाता रहा है, जो अब जिले में आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बन चुका है। बरहड़वा, राजमहल, तालझाड़ी, मिर्जाचौकी, बोरियो, साहिबगंज समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने एकजुट होकर इस आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।

शिव वंदना से शुरुआत, फगवा गीतों पर झूमे पत्रकार
समारोह का शुभारंभ कलाकारों द्वारा शिव वंदना प्रस्तुत कर किया गया। इसके बाद संगीतकार राजेंद्र ठाकुर और उनकी पूरी टीम ने अपने फनकार अंदाज में होली के फगवा गीतों तथा भोजपुरी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उपस्थित पत्रकार गीतों की धुन पर झूमते नजर आए और कलाकारों की प्रस्तुति की खूब सराहना की। पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

डीजे की धुन पर बिखरे रंग, गले मिल दी बधाई
कार्यक्रम को और भी रंगीन बनाने के लिए डीजे के माध्यम से भोजपुरी, हिन्दी और होली के गीतों की धुन गूंजती रही, जिस पर सभी जमकर थिरके। पत्रकार अपने मनमोहक अंदाज में नाचते-गाते नजर आए। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर, गुलाल उड़ाकर और गले मिलकर होली की बधाई दी। साथ ही स्वादिष्ट व्यंजनों और मिष्ठान का भी जमकर लुत्फ उठाया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में स्वतंत्र पत्रकार एवं साहिबगंज के वरिष्ठ पत्रकार सुरेश निर्मल विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सह प्रदेश सचिव अरविंद ठाकुर के नेतृत्व में पत्रकारों ने कार्यक्रम का आनंद उठाया। उपस्थित पत्रकारों ने इस सफल आयोजन के लिए अटल भारत टीवी के निदेशक चंदन सिंह के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।

मौके पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेश निर्मल, चंदन सिंह, अरविंद ठाकुर, शिव शंकर निराला, सुनील ठाकुर, सुधाकर, पंकज वर्मा, अमित सिंह, उज्जवल सिंह, अरविंद कुमार, आलोक कुमार, तौकीर राज, दीपक केशरी, गोपाल श्रीवास्तव, नवीन कुमार, रंजन कुमार, प्रवीण कुमार, देव आर्यन, मुरलीधर तिवारी, अमित राज सिंह, सहेंद कुमार, सन्नी मंडल, विवेक कुमार सहित जिले के दर्जनों पत्रकार मौजूद थे।




