उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत कटहलबाड़ी भट्टा टोला (सैयद हाजी टोला) गांव में देर रात हुए भीषण अग्निकांड की सूचना मिलते ही शुक्रवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी यादव पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना और घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। बजरंगी यादव ने अग्निकांड पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया, जिसमें चावल, त्रिपाल, कंबल सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर बजरंगी यादव ने कहा यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। जिन परिवारों ने पल भर में अपना आशियाना और जीवनभर की कमाई खो दी है, उनके साथ भाजपा परिवार मजबूती से खड़ा है। पीड़ितों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन से समन्वय कर हर संभव मदद दिलाई जाएगी। गौरतलब हो कि थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी भट्टा टोला में हुए भीषण अग्निकांड में आधा दर्जन से अधिक घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि कई अन्य घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। आग की लपटों में घर-गृहस्थी का सारा सामान, अनाज, कपड़े और नगदी जल जाने से पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है। घटना के बाद से प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ऐसे में सामाजिक व जनप्रतिनिधियों की ओर से की जा रही मदद पीड़ितों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। मौके पर पंचायत के मुखिया तमाल मंडल सहित संदीप घोष, बिफोल घोष, पंकज घोष, कृष्ण शर्मा समेत कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।




