उधवा : राधानगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उत्तरी बेगमगंज गांव में छापेमारी कर छेड़खानी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गांव के ही एक महिला ने एक व्यक्ति पर घर में घुसकर छेड़छाड़ व दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोप लगाया था। इस संबंध में पीड़िता महिला ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता महिला ने अपने आवेदन में बताया था कि बीते 9 अक्टूबर रात्रि लगभग 11 बजे जब वह अपने घर में सोई हुई थी, उसी दौरान गांव के लक्खीराम मंडल अनाधिकृत रूप से उसके घर की चारदीवारी फांदकर अंदर घुस आया था। जहां आरोपी ने चाकू का भय दिखाकर उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरदस्ती दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। जब उसने शोर मचाया तो आरोपी छत से कूदकर भाग निकला था। मामले को लेकर आरोपी के विरुद्ध कांड संख्या 442/25 दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपी लखीराम मंडल को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




