राधानगर थाना क्षेत्र के कटहल बाड़ी गांव में हुई घटना, पति गिरफ्तार
उधवा : राधानगर थाना क्षेत्र के कटहल बाड़ी गांव में मंगलवार की सुबह एक विवाहिता महिला का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतका की पहचान सुकचंद मंडल की पत्नी ब्यूटी देवी (25) के रूप में हुई है। घटना को लेकर परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार घटना के दिन सुबह करीब 7 बजे सुकचंद मंडल शौच के लिए बहियार गया हुआ था। लौटने पर उसने अपनी पत्नी को घर में फंदे से लटका पाया। इस घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूत्रों के मुताबिक ब्यूटी देवी का राजमहल थाना क्षेत्र के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। विवाद से परेशान होकर कुछ दिन पहले वह मायके चली गई थी। हालांकि घटना के एक दिन पूर्व ही गांव में पंचायती कर दोनों को समझा-बुझाकर ससुराल भेजा गया था। इसी बीच मंगलवार की सुबह विवाहिता की मौत की खबर पूरे गांव में सनसनी फैला दी। मृतका की मां ने अपने दामाद सुकचंद मंडल पर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका देने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए राधानगर पुलिस ने कांड संख्या 386/25 दर्ज कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति सुकचंद मंडल को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।




