उधवा : राधानगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को उत्तरी बेगमगंज गांव में छापेमारी कर मारपीट के मामले में फरार चल रहे तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि ये तीनों आरोपी थाना कांड संख्या 268/25 में वांछित थे। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में अजीत मंडल, अधीर मंडल और सहदेव मंडल शामिल है। उन्होंने आगे बताया कि मारपीट की घटना के बाद से ही ये तीनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस को गुप्त सूत्रों से सटीक सूचना मिली कि तीनों आरोपी अपने घर पर ही मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर राधानगर पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की और उत्तरी बेगमगंज गांव स्थित आरोपियों के घर पर दबिश दी और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों आरोपियों अजीत मंडल, अधीर मंडल और सहदेव मंडल को शुक्रवार को ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।