पूर्व में इसका संचालन पुरानी साहिबगंज स्थित ओझा टोली गंगा घाट से किया जा रहा था
साहिबगंज: साहिबगंज-मनिहारी के बीच गंगा नदी में चलने वाले अंतर राज्यीय फेरी सेवा का संचालन अब शहर के शकुंतला सहाय गंगा घाट से होगा। इसकी जानकारी देते हुए कन्हैया लॉजिस्टिक के प्रबंधक ने बताया कि गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए अब इस सेवा का संचालन पूर्व की तरह शकुंतला सहाय गंगा घाट से किया जाएगा।


दरअसल साहिबगंज- मनिहारी के बीच गंगा नदी में चलने वाले अंतर राज्यीय फेरी सेवा का संचालन पूर्व में बिजली घाट से होता रहा था, बाद में नमामि गंगे के तहत वहां गंगा घाट का निर्माण कर दिए जाने और गंगा नदी के लगातार बदलते स्वरूप को देखते हुए इसका संचालन शकुंतला सहाय गंगा घाट से किया जा रहा था। पिछले कुछ समय से गंगा के जलस्तर में कमी आने के चलते इसका संचालन पुरानी साहिबगंज स्थित ओझा टोली गंगा घाट से किया जा रहा था। इधर, फिलहाल गंगा के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए फेरी सेवा संचालन समिति ने इसका संचालन पुनः शकुंतला सहाय गंगा घाट से करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पूर्व निर्धारित समय सारणी के अनुसार ही इसका संचालन शनिवार से शकुंतला सहाय गंगा घाट से किया जाएगा।