ठंड के मौसम में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण करना सच्ची मानव सेवा : मुखिया
उधवा/साहेबगंज : प्रखंड के दक्षिण सरफराजगंज पंचायत व पूर्वी प्राणपुर पंचायत सचिवालय में मंगलवार को ठंड को देखते हुए मुखिया के द्वारा गरीब असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। जानकारी के अनुसार प्रखंड के दक्षिण सरफराजगंज पंचायत सचिवालय में मुखिया प्रतिनिधि मोजस्सीर हुसैन उर्फ फीटू पठान व पूर्वी प्राणपुर के मुखिया अताउर शेख ने गरीब असहायों के बीच कंबल का वितरण किया। इस दौरान फिटु पठान ने बताया कि वे करीब 150 लोगों के बीच कंबल का वितरण किया है। बताया कि पिछले कुछ दिनों से अचानक ठंड में काफी वृद्धि हुई है। सबसे ज्यादा परेशानी गरीब असहायों को हो रही है। उनके पास ठंड से बचने के लिए समुचित कपड़े नही रहते है। ऐसे में ठंड को देखते हुए पंचायत के गरीब असहायों को चिन्हित कर कंबल वितरण किया गया। ठंड से बचने में वैसे लोगों को काफी मदद मिलेगी। कंबल पाकर लोग काफी खुश दिखे। वही पूर्वी प्राणपुर के मुखिया अताउर शेख ने बताया कि करीब 100 लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया है। मुखिया ने बताया कि इस मौसम में गर्म कपड़े वितरण करना सच्ची मानव सेवा है और ऐसे कार्यों से समाज में एक सकारात्मक बदलाव आता है। कंबल वितरण से निश्चित रूप से जरूरतमंदों को राहत मिलेगी।