———————-
उधवा/साहेबगंज: झारखंड की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने को लेकर झारखंड सरकार द्वारा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना लॉन्च की गई है। इस योजना के तहत राज्य की 18 साल से 50 साल तक की महिलाओं को सालाना 12 किस्तों में 12 हजार रुपए दिए जाएंगे। हालाकी झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभ से अब भी हजारों लाभुकों के खाते में सम्मान राशि उपलब्ध नहीं हुई है। जिससे हजारों महिलाएं इस योजना से वंचित है। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में दोबारा आवेदन करने पर भी ऐसी स्थिति बनी हुई है। आलम यह है कि ऐसे कई मामले है जिनका आवेदन अप्रूव्ड होने पर भी उसे राशि नही मिल रही है। जबकि कई आवेदन में त्रुटि होने के कारण वैसे लाभुकों के खाते में राशि नही भेजी गई है। वही गुरुवार को सैकड़ों महिलाएं प्रखंड मुख्यालय में पहुंचकर खाता संख्या व आईएफएससी के साथ फॉर्म में संशोधित कर अपना आवेदन जमा किया। इसके बाद लाभुकों ने बीडीओ विशाल पांडे से मिलकर अपनी समस्या को रखा। लाभुकों ने बताया कि अधिकांश लोगों का दूसरा किस्त भी आ गया है। जबकि उन लोगों का एक भी किस्त नही आया है। बीडीओ ने सभी लाभुकों को आश्वासन दिया कि ऐसे कई आवेदन जमा हुए है जिनका खाता संख्या व आईएफएससी संख्या गलत है। इसी वजह से राशि मिलने में परेशानी हुई है। इस समस्या को समाधान करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ा जा रहा है। उम्मीद है कि दो तीन दिनों में सभी लाभुकों के खाते में राशि उपलब्ध हो जायेगी।