रामानंद साह बोले- झारखंड में पत्रकार भी सुरक्षित नहीं, सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट
साहिबगंज। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को साहिबगंज जिला मुख्यालय के स्टेशन चौक पर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश एवं जिला अध्यक्ष गौतम यादव के आह्वान पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र मंडल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने पत्रकार की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पत्रकारिता की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग की।
पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सरकार पर साधा निशाना
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रामानंद साह ने कहा कि झारखंड में इंडी गठबंधन की सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। अब तो इस सरकार में पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों को झूठे मुकदमों में फंसाकर उनके साथ दुर्व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना की जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। पत्रकार अभिषेक भारती ने एक पीड़िता को न्याय दिलाने के उद्देश्य से उससे जुड़े मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, लेकिन इसके बदले उन्हें ही मुकदमे में फंसाकर गिरफ्तार कर लिया गया। रामानंद साह ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने कथित रूप से पत्रकार के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की तथा उन्हें जेल भेज दिया। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण कार्रवाई बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
गिरती कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल:
रामानंद साह ने गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब थाने के भीतर ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है।
धरना-प्रदर्शन में झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मेंद्र कुमार उर्फ बामबम मंडल, रामानंद साह एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र मंडल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा विनोद चौधरी, अनुराग राहुल, चंदन श्रीवास्तव, दिलीप हांसदा, दीपक चंद्रवंशी, चिरंजीत सरकार, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्रलाल ठाकुर, जिला मंत्री चांदनी देवी, सागर मंडल, बप्पी निर्मल साह, जिला परिषद सदस्य प्रताप राय, ललन राय, कार्तिक साह, चंद्रभान शर्मा, कुंदन राज एवं परमानंद मंडल सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन साहिबगंज नगर अध्यक्ष विनोद चौधरी ने किया। मौके पर जिला महामंत्री धनंजय कुमार मंडल भी मौजूद रहे।



