—— ग्रामसभा को दरकिनार कर समिति बनाने, मध्याह्न भोजन में अनियमितता और बहाली में परिवारवाद का आरोप; ग्रामीणों ने मांगी उच्चस्तरीय जांच, हेड मौलवी ने आरोपों को बताया निराधार
साहिबगंज/मंडरो: मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के डोकाडीह स्थित मदरसा ताईदुल इस्लाम की प्रबंधन व्यवस्था को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मदरसा समिति के गठन, मध्याह्न भोजन योजना के संचालन और चार पदों पर प्रस्तावित बहाली प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
समिति गठन और मध्याह्न भोजन पर सवाल
ग्रामीणों में मुहम्मद मफुजुद्दीन, मोहम्मद जाकिर हुसैन, हुरमुज अली, शाहिद अंसारी आरोप लगाया है कि ग्रामसभा की निर्धारित प्रक्रिया को दरकिनार कर प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। वहीं, फर्जी छात्र उपस्थिति दर्शाकर मध्याह्न भोजन योजना के तहत अनाज का उठाव किए जाने की भी शिकायत की गई है। ग्रामीणों ने छात्र उपस्थिति पंजी, अनाज उठाव के रिकॉर्ड और योजना के वास्तविक संचालन का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।
बहाली प्रक्रिया में परिवारवाद का आरोप
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि प्रबंधन समिति के गठन को लेकर विवाद के बावजूद मदरसे में चार पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने प्रधान मौलवी के सगे-संबंधियों को महत्वपूर्ण पदों पर रखने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है। साथ ही सांसद प्रतिनिधि की कथित भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कथित अवैध समिति को निरस्त करने, बहाली प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
हेड मौलवी ने आरोपों को किया खारिज
मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार ने फोन पर बताया कि फिलहाल इस संबंध में कुछ कहना संभव नहीं है। मामले की जानकारी मिलने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया दी जा सकेगी। वहीं, मदरसे के हेड मौलवी मोहम्मद सलीमुद्दीन ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मदरसे में सभी प्रक्रियाएं नियमसंगत तरीके से और जैक के आदेशानुसार पूरी की गई हैं। हालांकि, मदरसे में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या और प्रतिदिन उपस्थित रहने वाले बच्चों के संबंध में पूछे जाने पर वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
—————-
फिलहाल मामले को लेकर ग्रामीणों की शिकायत और हेड मौलवी के जवाब के बीच विवाद बना हुआ है। अब शिक्षा विभाग की जांच और संभावित कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में मोहम्मद मफिजुद्दीन, आबुल कासिम, मास्टर जाकिर, मोहम्मद शरीफ आलम, मोहम्मद हुर्मूज अली, मोहम्मद बहारुद्दीन अंसारी सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।



