बम की सूचना से लेकर बचाव, डिफ्यूज करने और राहत कार्यों तक की दी गई जानकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारियों व प्रशिक्षुओं ने लिया हिस्सा
साहिबगंज: सिविल डिफेंस रेड अलर्ट को लेकर 26 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉक ड्रिल के मद्देनजर बुधवार को पुलिस लाइन मैदान में पूर्वाभ्यास किया गया। जिला प्रशासन की ओर से 25 नवंबर को सुबह सात बजे से आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
आपात स्थिति से निपटने का किया अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान बम की सूचना मिलने पर सुरक्षा और बचाव की प्रक्रिया, स्वांग दस्ता, मेटल डिटेक्टर, बम डिफ्यूज करने, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, चिकित्सा व्यवस्था, पुलिस, आम नागरिकों और प्रेस की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही रिहर्सल के माध्यम से विभिन्न टीमों के कार्यों और जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया, ताकि आपात स्थिति में समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। इस अवसर पर नजारत उप समाहर्ता प्रमोद आनंद, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सार्जेंट मेजर रोहित दुबे, खेल प्रशिक्षक योगेश यादव, साहिबगंज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा गृह रक्षा वाहिनी, ग्रामीण पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रतिनिधि तथा आवासीय बालक एथलेटिक्स एवं फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, डे बोर्डिंग बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र और खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के प्रशिक्षुओं ने भी अभ्यास में हिस्सा लिया।



