उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार महिलाओं को किया सम्मानित, आठ लाभुकों को मिला आवास का लाभ
मंडरो/साहिबगंज: झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत मंडरो प्रखंड परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्घाटन प्रखंड प्रमुख शीला देवी, बीडीओ मेघनाथ उरांव एवं सीओ संजय शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। वीबी-जी रामजी योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्रेसी पहाड़िन, तलाबीटी मुर्मू, माद्री पहाड़िन एवं मानवेल पहाड़िया को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
आवास योजना के तहत दो लाभुकों को स्वीकृति पत्र तथा छह लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को साइकिल, किसानों को सब्जी किट और पशुपालन योजना के तहत बकरी एवं बकरे वितरित किए गए। स्वास्थ्य शिविर में लोगों की निःशुल्क जांच भी की गई।
मौके पर बीडीओ ने सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं पत्रकार मौजूद थे।



