संविधान दिवस पर साहिबगंज के थानों में पुलिस कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और इसके आदर्शों को बनाए रखने की शपथ ली. पूरी खबर जानें.
साहिबगंज. संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को साहिबगंज जिले के सभी थानों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की. साथ ही संविधान में निहित मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना को बनाए रखने का संकल्प लिया.
थाना प्रभारियों के नेतृत्व में हुआ आयोजन
जिले के नगर थाना में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने शपथ ली. वहीं जिरवाबाड़ी थाना में थाना प्रभारी शशि सिंह, मुफस्सिल थाना में थाना प्रभारी अनीश पांडे, गंगा थाना में थाना प्रभारी अरुण सिंह, मिर्जाचौकी थाना में थाना प्रभारी सुमित सिंह तथा बोरियो थाना में थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान के नेतृत्व में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसके अलावा जिले के अन्य थाना परिसरों में भी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया.
संप्रभुता, एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान के आदर्शों और मूल सिद्धांतों का सम्मान करने, अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली.



