ओरमांझी में ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. एक की हालत गंभीर बनी हुई है, दोनों अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं.
ओरमांझी. रांची-रामगढ़ उच्च पथ पर इंडिया ढाबा के समीप पुटी फैक्ट्री के पास मंगलवार दोपहर करीब दो बजे ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान ओरमांझी के पालू गांव निवासी उमेश कुमार (32) और सुमीत मुंडा (25) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
फैक्ट्री की ओर मोड़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ट्रक (जेएच 01 जीडब्ल्यू-5838) रांची की ओर जा रहा था. वह पुटी फैक्ट्री में पुटी लोड करने के लिए जा रहा था. फैक्ट्री के पास पहुंचते ही चालक ने अचानक ट्रक को बायीं ओर फैक्ट्री जाने वाले रास्ते की तरफ मोड़ दिया. इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक (जेएच 01 ई-9759) ट्रक की चपेट में आ गयी. टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये.
एक की हालत गंभीर, दोनों अस्पताल में भर्ती
हादसे में उमेश कुमार के सिर में चोट लगी है. उसका इलाज इरबा स्थित मेदांता अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बतायी गयी है. वहीं, सुमीत मुंडा के हाथ और पैर में चोट आयी है. उसका इलाज जयराम अस्पताल, ओरमांझी में चल रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे. ओरमांझी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है.



