साहिबगंज में विशेष लोक अदालत की पहल, चेक बाउंस के 15 मामलों का निपटारा, 33.11 लाख रुपये में हुआ समझौता।
साहिबगंज. झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार साहिबगंज सुभाष के मार्गदर्शन में शनिवार को साहिबगंज सिविल कोर्ट और राजमहल अनुमंडल न्यायालय में विशेष एनआई एक्ट लोक अदालत का आयोजन किया गया. इस विशेष लोक अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत चेक अनादरण (चेक बाउंस) से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर कुल 15 मामलों का निष्पादन किया गया. इन मामलों में कुल 33,11,729 रुपये की समझौता राशि निर्धारित की गयी.
आपसी सहमति से हुआ मामलों का निष्पादन
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य चेक बाउंस से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना तथा न्यायालयों में लंबित मुकदमों के बोझ को कम करना था. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष ने आम नागरिकों से अपील की कि वे आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से अपने विवादों का समाधान कराने के लिए लोक अदालतों का लाभ उठाएं. साथ ही विशेष लोक अदालत एवं राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं.
विधिक सहायता के लिए जारी किया संपर्क नंबर
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज की ओर से आम नागरिकों को विधिक सहायता एवं जानकारी के लिए मोबाइल/व्हाट्सऐप नंबर 9471521725 और ई-मेल dlsasahibganj@gmail.com जारी किया गया है. इसके अलावा नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 पर भी संपर्क करने की अपील की गयी है.



