तीन दिवसीय अभियान की सफलता को लेकर निकाली गई जागरूकता रैली
साहिबगंज। जिले में तीन दिवसीय उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होगी। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 2 लाख 66 हजार 948 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने बताया कि अभियान के लिए जिले में कुल 1391 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 85 शहरी और 1248 ग्रामीण बूथ शामिल हैं।
घर-घर जाकर बच्चों को खुराक पिलाने के लिए 1333 दल, 35 पारगमन दल और 44 चलंत दल सहित कुल 1412 दल तैनात किए जाएंगे। अभियान में 2824 टीकाकर्मी, 1483 सहिया और 305 पर्यवेक्षक अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं, खुराक के भंडारण एवं आपूर्ति के लिए 114 उप भंडार बनाए गए हैं।
इधर, शुक्रवार को पुराना सदर अस्पताल से जागरूकता रैली निकाली गई। सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। मौके पर डॉ. किरण माला, डॉ. महमूद आलम, डॉ. अमित, मो. शादाब, गोपाल तिवारी, मुनिजी पांडेय, सदानंद यादव, शोएब, मुरारी लाल गोंड, ललित कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।



