वॉलीबॉल में सकरीगली और बालिका फुटबॉल में न्यू स्टार साहिबगंज बना विजेता
साहिबगंज। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का शुक्रवार को सिदो-कान्हू स्टेडियम में समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन फुटबॉल और वॉलीबॉल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वॉलीबॉल में प्लस टू बीडी उच्च विद्यालय, सकरीगली की टीम विजेता बनी, जबकि बालिका फुटबॉल में न्यू स्टार साहिबगंज ने खिताब अपने नाम किया। संत जेवियर्स हिंदी साहिबगंज की टीम उपविजेता रही।
वॉलीबॉल में सकरीगली का दबदबा
बालक वॉलीबॉल में चार टीमों ने हिस्सा लिया। मुकाबले में सकरीगली की टीम ने नवोदय विद्यालय को 2-0 से हराया। वहीं प्लस टू बीडी उच्च विद्यालय ने संत जेवियर्स हिंदी और झरना कॉलोनी को पराजित कर फाइनल में जीत दर्ज की।
फुटबॉल में 16 टीमों ने लिया हिस्सा
पुरुष फुटबॉल में 16 और महिला फुटबॉल में चार टीमों ने भाग लिया। बालिका फुटबॉल के फाइनल में न्यू स्टार साहिबगंज ने संत जेवियर्स हिंदी को हराकर विजेता ट्रॉफी हासिल की। वहीं पुरुष फुटबॉल में एसडीओ कोठी, लखीपुर, साहिबगंज युवा क्लब, बिरसा वॉरियर्स, एफसी पहाड़िया, एफसी राजमहल, एफसी पारसबन्ना और एफसी सकरीगली ने अपने-अपने मुकाबले जीते।
चयनित खिलाड़ी 21 नवंबर को दुमका में आयोजित प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में साहिबगंज का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
मौके पर खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, बीरेंद्र कुमार साह, योगेश यादव, अशोक साहनी, गौरव प्रियदर्शी, सुनील किस्कू, बमबम कुमार, नीतीश कुमार दास, आदित्य कुमार, राकेश राका समेत अन्य उपस्थित थे।



