साहिबगंज। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय की ओर से सिदो-कान्हू स्टेडियम में दो दिवसीय जिला स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और तीर एवं गुलेल चलाकर किया। जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं खेल अकादमियों के सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। गेड़ी दौड़, गुलेल, मटका दौड़, भारा दौड़ और तीरंदाजी में बालक-बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। खेल संचालन कौशल किशोर मरांडी ने किया। मौके पर खेल प्रशिक्षक योगेश यादव, अशोक साहनी, गौरव प्रियदर्शी सहित अन्य मौजूद थे। आयोजकों ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रमंडल एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। शुक्रवार 20 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से वॉलीबॉल एवं फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी।
बिरसा मुंडा जनजातीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
Leave a comment



