साहिबगंज में ‘हर दीदी समूह–एक पौधा’ पहल के तहत सखी मंडल की महिलाओं ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण के साथ पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
साहिबगंज. झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन साहिबगंज एवं जिला मिशन प्रबंधन इकाई पलाश-जेएसएलपीएस, साहिबगंज के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जिलेभर में ‘हर दीदी समूह–एक पौधा’ अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत सुबह 7:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जिले के सभी प्रखंडों में पलाश-जेएसएलपीएस से जुड़े प्रत्येक सखी मंडल की ओर से एक-एक पौधा लगाया गया. अभियान में सखी मंडल की दीदियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और अपने-अपने गांवों में सामुदायिक भवनों एवं समूह के आसपास पौधारोपण किया.
जिले के सभी प्रखंडों में चलाया गया पौधारोपण अभियान
अभियान के तहत जिलेभर के सखी मंडलों ने पौधारोपण में भाग लिया. दीदियों ने अपने गांवों में पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया. पौधारोपण के साथ ही उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया. अभियान के तहत पौधों के साथ तस्वीरें लेकर जिला कार्यालय के साथ साझा की गईं.
पौधों की देखभाल बच्चों की तरह करने का लिया संकल्प
इस अवसर पर सखी मंडल की दीदियों ने कहा, “एक पौधा हमारी ओर से धरती मां और आने वाली पीढ़ियों के लिए है.” उन्होंने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करेंगी, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकें.
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
इस पहल के माध्यम से जिलेभर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया. जिला प्रशासन एवं पलाश-जेएसएलपीएस के पदाधिकारियों ने कहा कि सखी मंडल की दीदियां आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं.
हरित झारखंड की दिशा में सामूहिक पहल
पदाधिकारियों ने कहा कि ‘हर दीदी समूह–एक पौधा’ अभियान हरित झारखंड एवं स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सामूहिक पहल है. कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों, संकुल स्तरीय संगठनों, विभिन्न कैडर एवं सखी मंडल की दीदियों का सराहनीय योगदान रहा.



