साहिबगंज वाहन पड़ाव की नीलामी में कृष्णा कुमार यादव ने ₹1.10 करोड़ की सबसे ऊंची बोली लगाकर ठेका हासिल किया. यह आवंटन वित्तीय वर्ष 2027-28 तक प्रभावी रहेगा।
साहिबगंज. नगर परिषद क्षेत्र स्थित वाहन पड़ाव का डाक बुधवार को नगर परिषद सभागार में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ. डाक प्रक्रिया में दो संवेदकों रवींद्र यादव और कृष्णा कुमार यादव ने हिस्सा लिया. बोली की प्रक्रिया शुरू होने के बाद दोनों के बीच बोली लगाई गई. अंततः कृष्णा कुमार यादव ने 1 करोड़ 10 लाख 27 हजार 500 रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर वाहन पड़ाव अपने नाम कर लिया.
सुरक्षित बोली से 3 हजार रुपये अधिक में हुआ डाक
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 के मार्च तक की अवधि के लिए वाहन पड़ाव का डाक किया गया है. इसके लिए सुरक्षित डाक बोली 1 करोड़ 10 लाख 24 हजार 500 रुपये निर्धारित की गई थी. इसके मुकाबले कृष्णा कुमार यादव ने 1 करोड़ 10 लाख 27 हजार 500 रुपये की बोली लगाकर डाक अपने नाम किया. इस तरह सुरक्षित बोली से 3 हजार रुपये अधिक में डाक संपन्न हुआ.
इन स्थानों पर वाहन पड़ाव से लिया जाएगा शुल्क
डाक के तहत बस स्टैंड, घोड़माड़ा पुल के समीप, साक्षरता चौक, शिबू सोरेन चौक सहित अन्य निर्धारित वाहन पड़ाव स्थलों से शुल्क लिया जाएगा.
नगर परिषद के अधिकारी रहे मौजूद
डाक प्रक्रिया के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह के अलावा सिटी मैनेजर, आरआई सौरव कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.



