साहिबगंज में बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी! 18 से 26 नवंबर तक विशेष शिविरों में बिजली बिल सुधार, नया कनेक्शन और अन्य समस्याओं का होगा समाधान. जानें कब और कहां लगेंगे शिविर.
साहिबगंज. साहिबगंज जिले में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड की ओर से शिविरों का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. 18 से 26 नवंबर तक जिले के विभिन्न स्थानों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे. इसमें उपभोक्ता बिजली से जुड़ी अपनी समस्याएं दर्ज कराकर उनके समाधान के लिए आवेदन दे सकेंगे.
नया कनेक्शन, बिजली बिल सुधार समेत कई समस्याओं का होगा समाधान
शिविर में मुख्य रूप से नया बिजली कनेक्शन लेने, बिजली बिल में सुधार कराने, बिल नहीं मिलने और बिल में मोबाइल नंबर अपडेट कराने से संबंधित शिकायतों का निपटारा किया जाएगा. इसके अलावा खराब ट्रांसफार्मर बदलने, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने तथा बिजली के खंभे और तार से संबंधित शिकायतों पर भी कार्रवाई की जाएगी. बिजली से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की व्यवस्था भी की गई है.
साहिबगंज अवर प्रमंडल में यहां लगेंगे शिविर
साहिबगंज अवर प्रमंडल में 18 नवंबर को अवर प्रमंडल कार्यालय, 19 नवंबर को तालबन्ना, 20 नवंबर को मदनशाही, 21 नवंबर को मारवाड़ी धर्मशाला चौक बाजार और 23 नवंबर को लोहंडा में शिविर लगाया जाएगा. वहीं 25 और 26 नवंबर को अवर प्रमंडल कार्यालय में शिविर आयोजित होगा.
साहिबगंज ग्रामीण अवर प्रमंडल का शिविर कार्यक्रम
साहिबगंज ग्रामीण अवर प्रमंडल में 18 नवंबर को अवर प्रमंडल कार्यालय, 19 नवंबर को मिर्जाचौकी दुर्गा स्थान हटिया, 20 नवंबर को बांसडीह पंचायत भवन, 21 नवंबर को बोरियो प्रखंड परिसर और 23 नवंबर को भगैया खाद भंडार में शिविर लगेगा. इसके अलावा 25 नवंबर को बड़ी कोदरजन्ना पंचायत भवन और 26 नवंबर को मडरो मिडिल स्कूल में शिविर आयोजित किया जाएगा.
तीनपहाड़ अवर प्रमंडल में इन स्थानों पर होगी व्यवस्था
तीनपहाड़ अवर प्रमंडल में 18 नवंबर को कार्यालय, 19 नवंबर को तीनपहाड़ विद्युत शक्ति उपकेंद्र, 20 नवंबर को महाराजपुर विद्युत शक्ति उपकेंद्र, 21 नवंबर को बाकुड़ी विद्युत शक्ति उपकेंद्र और 23 नवंबर को तीनपहाड़ विद्युत शक्ति उपकेंद्र में शिविर लगाया जाएगा. वहीं 25 नवंबर को सकरीगली और 26 नवंबर को जोंका में शिविर आयोजित होगा.
राजमहल अवर प्रमंडल में यहां पहुंचेंगे उपभोक्ता
राजमहल अवर प्रमंडल में 18 नवंबर को कार्यालय, 19 नवंबर को उधवा चौक, 20 नवंबर को सिंघी दलान, 21 नवंबर को जामनगर (मंगल हटिया) और 23 नवंबर को अवर प्रमंडल कार्यालय में शिविर लगेगा. इसके बाद 25 नवंबर को राधानगर विद्युत शक्ति उपकेंद्र और 26 नवंबर को इंग्लिश (मंगल हाट चौक) में शिविर आयोजित किया जाएगा.
बरहरवा अवर प्रमंडल में भी जारी हुआ कार्यक्रम
बरहरवा अवर प्रमंडल में 18 नवंबर को कार्यालय, 19 नवंबर को रामनगर, 20 नवंबर को कोटालपोखर, 21 नवंबर को मोगलपाड़ा मध्य विद्यालय और 23 नवंबर को बरहरवा ब्लॉक में शिविर लगाया जाएगा. वहीं 25 नवंबर को पतना ब्लॉक और 26 नवंबर को बरहेट विद्युत शक्ति उपकेंद्र में शिविर आयोजित होगा.



