NEP UG सेमेस्टर 8 परीक्षा का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए खुशखबरी! रांची विश्वविद्यालय दिसंबर 2026 में परीक्षा आयोजित करने की तैयारी में है, भले ही सेमेस्टर 7 का रिजल्ट लंबित हो.
NEP UG सेमेस्टर 8 परीक्षा का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए खुशखबरी! रांची विश्वविद्यालय दिसंबर 2026 में परीक्षा आयोजित करने की तैयारी में है, भले ही सेमेस्टर 7 का रिजल्ट लंबित हो.
NEP UG Semester 8 Exam: नयी शिक्षा नीति (NEP) के तहत स्नातक की पढ़ाई कर रहे 2022-26 बैच के विद्यार्थी अब आखिरी यानी सेमेस्टर आठ की परीक्षा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. रांची विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए परेशानी यह है कि जुलाई-अगस्त 2026 में सेमेस्टर सात की परीक्षा आयोजित की गयी थी, लेकिन उसका रिजल्ट अब तक जारी नहीं हुआ है. ऐसे में छात्र असमंजस में हैं कि उनकी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा कब होगी और इसके लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया कब शुरू होगी.
देरी के कारण दिसंबर में होगी सेमेस्टर आठ की परीक्षा
दरअसल, सेमेस्टर आठ की परीक्षा सितंबर-अक्टूबर 2026 में ही हो जानी चाहिए थी और इसके बाद दिसंबर तक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया जाना था. लेकिन विश्वविद्यालय में परीक्षाओं के कार्यक्रम में हुई देरी के कारण अब सत्र को नियमित करने के लिए दिसंबर 2026 में सेमेस्टर आठ की परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया जा रहा है. इससे विद्यार्थियों को अगली परीक्षा के लिए फॉर्म भरने का मौका मिल सकेगा और यूजी सत्र को नियमित करने की दिशा में भी कदम बढ़ेगा.
हालांकि, विश्वविद्यालय से मिल रही जानकारी के अनुसार, सेमेस्टर सात के रिजल्ट का इंतजार किये बिना ही सेमेस्टर आठ की परीक्षा की तैयारी की जा रही है. संभावना है कि छठ महापर्व की छुट्टी के बाद विवि प्रशासन परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि घोषित कर सकता है. विश्वविद्यालय दिसंबर 2026 में सेमेस्टर आठ की परीक्षा लेने की तैयारी में है.
2022-26 का पहला बैच पूरा करेगा NEP के तहत स्नातक की पढ़ाई
एनईपी यानी नयी शिक्षा नीति के तहत रांची विश्वविद्यालय में 2022-26 का यह पहला बैच होगा, जिसके विद्यार्थी सेमेस्टर आठ की परीक्षा में शामिल होंगे और इसके साथ ही अपना स्नातक का कोर्स पूरा करेंगे. इस तरह यह बैच नयी शिक्षा नीति के तहत आठ सेमेस्टर वाली स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाला विश्वविद्यालय का पहला बैच बनेगा.
सेमेस्टर सात के रिजल्ट का इंतजार कर रहे विद्यार्थी
रांची विश्वविद्यालय में यूजी सेमेस्टर सात की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य फिलहाल जारी है. जुलाई-अगस्त में परीक्षा होने के बाद से विद्यार्थी रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच सेमेस्टर आठ की परीक्षा की तैयारी शुरू होने की खबर से छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है. विवि प्रशासन ने तय किया है कि सेमेस्टर सात का रिजल्ट जारी होने तक सेमेस्टर आठ का परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया नहीं रोकी जायेगी.
कई सत्रों की परीक्षाएं अब भी लंबित
रांची विश्वविद्यालय में नयी शिक्षा नीति के तहत संचालित अलग-अलग यूजी सत्रों की परीक्षाएं अभी भी पीछे चल रही हैं. सत्र 2023-27 में अब तक चार सेमेस्टर की परीक्षाएं ही आयोजित हो सकी हैं, जबकि चार सेमेस्टर की परीक्षाएं बाकी हैं. वहीं, सत्र 2023-26 के वोकेशनल पाठ्यक्रम में चार सेमेस्टर की परीक्षा हो चुकी है और दो सेमेस्टर की परीक्षा लंबित है. इसी तरह सत्र 2024-28 के सेमेस्टर दो का रिजल्ट जारी होना शुरू हुआ है, जबकि इसके छह सेमेस्टर की परीक्षाएं अभी बाकी हैं. सत्र 2025-29 में हाल ही में नामांकन हुआ है. वहीं, पीजी सत्र 2025-28 में भी वर्ष 2026 के अंत में नामांकन की प्रक्रिया हुई है.
पीजी सेमेस्टर चार की परीक्षा चार दिसंबर से
इधर, रांची विश्वविद्यालय ने एमए, एमएससी और एमकॉम सेमेस्टर चार (सत्र 2024-26) के रेगुलर और बैकलॉग विद्यार्थियों की परीक्षा की तिथि भी निर्धारित कर दी है. इनकी परीक्षाएं चार दिसंबर से नौ दिसंबर 2026 तक आयोजित होंगी. वहीं, पीजी सेमेस्टर चार वोकेशनल (सत्र 2024-26) की परीक्षा 26 नवंबर से नौ दिसंबर 2026 तक ली जायेगी.



