पिता के आदर्शों पर चलकर सेवा की मिसाल पेश कर रहे शिक्षक प्रभाकर देव, साहिबगंज के ‘आभा सेवा सदन’ में गरीबों को मुफ्त होम्योपैथिक इलाज और दवाइयां उपलब्ध करा रहे हैं।
साहिबगंज: समाज के लिए कुछ करने की इच्छा और लगन हो तो समय व मुहूर्त नहीं देखा जाता. इस बात को साहिबगंज के प्रभाकर देव ने चरितार्थ कर दिखाया है. वर्षों पहले अपने पिता शंकर प्रसाद ठाकुर द्वारा कही गई बातों को याद करते हुए प्रभाकर देव ने गरीब और असहाय लोगों की सेवा का एक बेहद नेक कार्य शुरू किया है.
अपने स्कूल में खोला ‘आभा सेवा सदन’
पेशे से शिक्षक प्रभाकर देव बड़ा लोहंडा में खुद का प्राइवेट स्कूल ‘न्यू डॉन पब्लिक स्कूल’ संचालित करते हैं. उन्होंने हाल ही में अपने स्कूल परिसर में ही गरीब और असहाय लोगों के लिए ‘आभा सेवा सदन’ के नाम से निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सालय की शुरुआत की है. वे अपने निजी पैसे से इस चिकित्सालय का संचालन कर रहे हैं, जहां मरीजों को मुफ्त चिकित्सा सेवा और दवा दी जाती है.
अनुभवी डॉक्टर भी निशुल्क दे रहे हैं अपनी सेवा
प्रभाकर देव के इस नेक कार्य से प्रभावित होकर कई अनुभवी होम्योपैथिक चिकित्सक भी आगे आए हैं और निशुल्क अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं. यहां प्रत्येक शनिवार को गरीब और असहाय लोगों का मुफ्त इलाज किया जाता है. अब तक इस केंद्र के माध्यम से सैकड़ों गरीब मरीजों का निशुल्क इलाज कराया जा चुका है.
“पिता कहते थे- कम खाना, पर समाज की सेवा जरूर करना”
इस पहल के पीछे की प्रेरणा साझा करते हुए प्रभाकर देव ने बताया कि उनके पिता हमेशा कहा करते थे कि “बेटा कम खाना, पर समाज की सेवा जरूर करना, यही लोग याद रखेंगे.” पिता की इन्हीं बातों को याद करते हुए उन्होंने यह कदम उठाया.
उन्होंने बताया कि समाज में लोगों को असमय बीमार पड़ते देख उन्हें चिंता हुई. इसके बाद उन्होंने कई डॉक्टरों से सलाह ली और जब डॉक्टर मुफ्त सेवा देने के लिए सहमत हो गए, तो उन्होंने इसकी शुरुआत कर दी. उन्होंने कहा कि इस चिकित्सालय का सारा खर्च वे खुद उठाते हैं और इसमें कई डॉक्टरों की अहम भूमिका रही है. प्रभाकर देव ने संकल्प लिया है कि वे जब तक जीवित रहेंगे, समाज की सेवा करते रहेंगे और अपने बच्चों को भी यही प्रेरणा देंगे.



