साहिबगंज में छठ घाट तैयार करने के दौरान नरकट झील में डूबने से 42 वर्षीय सिकंदर बिंद की मौत, हादसे से परिवार में पसरा मातम।
साहिबगंज : सदर प्रखंड क्षेत्र के छोटी कोदरजन्ना गांव में छठ घाट बनाने के दौरान नरकट झील में डूबने से 42 वर्षीय सिकन्दर बिंद की मौत हो गयी. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है.
घाट बनाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, छठ महापर्व को लेकर नरकट झील में घाट बनाने का काम किया जा रहा था. इसी दौरान बुधवार को राम पुकार बिंद के पुत्र सिकन्दर बिंद पानी में डूब गये. हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गयी.
पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गये पीछे
बताया जाता है कि सिकन्दर बिंद अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गये हैं. परिवार के एकमात्र सहारे की असमय मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.



