दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने नई गाइडलाइन जारी की है। रेलवे ने सभी यात्रियों से सुरक्षित सफर के लिए इन निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
साहिबगंज. दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने रेल यात्रियों से सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है. मंडल की ओर से यात्रियों को रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा रेल प्रशासन को सहयोग देने की सलाह दी गयी है. मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में त्योहारों के दौरान यात्री जागरूकता और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
पटाखे और ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर सख्त रोक
मालदा मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में पटाखे, विस्फोटक, ज्वलनशील पदार्थ तथा अन्य प्रतिबंधित खतरनाक वस्तुएं लेकर यात्रा नहीं करें. यात्रा के दौरान अनजान लोगों से खाद्य पदार्थ या पेय पदार्थ स्वीकार नहीं करने और खाने-पीने की वस्तुएं खरीदते समय सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.
वैध टिकट लेकर ही करें रेल यात्रा
रेलवे ने यात्रियों से केवल वैध टिकट के साथ यात्रा करने और अधिकृत रेलवे टिकटिंग माध्यमों से ही टिकट लेने का अनुरोध किया है. साथ ही ट्रेन में चढ़ते समय पहले उतरने वाले यात्रियों को रास्ता देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की गयी है.
रेलवे ट्रैक पार करने से बचें, एफओबी का करें इस्तेमाल
एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) अथवा निर्धारित सबवे का इस्तेमाल करने को कहा गया है. यात्रियों को रेलवे पटरी पार नहीं करने और चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गयी है. ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ने और उतरने का निर्देश दिया गया है.
बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का रखें ध्यान
त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को देखते हुए परिवार के सदस्यों से बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गयी है. यात्रियों को ट्रेन के प्रस्थान समय से पर्याप्त पहले स्टेशन पहुंचने और रेलवे की सुरक्षा संबंधी घोषणाओं पर ध्यान देने को कहा गया है.
संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें सूचना
मालदा मंडल ने यात्रियों से अपने सामान की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल रेल प्रशासन को देने की अपील की है. रेल कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के निर्देशों का पालन करने तथा स्टेशन परिसर और ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखने को भी कहा गया है.
मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने यात्रियों की सुरक्षा को साझा जिम्मेदारी बताते हुए त्योहारों के दौरान सभी से सतर्कता, धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है. मालदा मंडल ने दीपावली एवं छठ पूजा पर यात्रियों और उनके परिवारजनों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं शांति की कामना की है.



