मांडर पुलिस ने मलटोटी गांव में अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर 250 पेटी तैयार शराब, केमिकल और पैकिंग मशीनें जब्त की हैं. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
मांडर. मांडर पुलिस ने थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में छापेमारी कर एक मकान में चल रही अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से करीब 250 पेटी तैयार शराब बरामद की है. इसके अलावा शराब बनाने का केमिकल, स्प्रिट, लेबल, पैकिंग मशीन, दो हजार से अधिक खाली बोतलें और अन्य सामान जब्त किया है.
कई ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही थी शराब
बताया गया कि इस फैक्ट्री में रॉयल मेंशन गोल्ड, ओल्ड मोंक, रॉयल चैलेंज, डबल ओक बैरल समेत अन्य ब्रांड के नाम पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जाती थी. शराब को बोतलों में भरकर विभिन्न ब्रांड के लेबल और रैपर लगाए जाते थे.
बिहार तक होती थी शराब की सप्लाई
तैयार शराब की सप्लाई मांडर और आसपास के क्षेत्रों के अलावा बिहार तक की जाती थी. पुलिस ने मौके से शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व सामग्री भी जब्त की है. मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.



