त्योहारी सीजन से पहले बोरियो में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानों पर छापेमारी कर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स और खराब मिठाइयां नष्ट कीं. गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान.
बोरियो. दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार वर्मा एवं नौरंगदेव कुमार के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने प्रखंड के विभिन्न मिठाई दुकानों, होटलों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया|
जांच में मिलीं गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान विभिन्न दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से संबंधित अनियमितताएं पायी गयीं. इस पर कारोबारियों को आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया. छोटे खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया.
खाद्य सामग्री ढककर रखने और साफ-सफाई का निर्देश
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और खाद्य सामग्री को सुरक्षित एवं ढककर रखने की हिदायत दी.
वैध लाइसेंस और मिलावट से बचने की सख्त हिदायत
अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का वैध लाइसेंस अथवा पंजीकरण अनिवार्य रूप से प्राप्त करने का निर्देश दिया. साथ ही प्रतिबंधित कृत्रिम रंगों का प्रयोग नहीं करने और खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट से बचने की सख्त हिदायत दी.
बालूशाही, सोनपापड़ी और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक नष्ट
जांच अभियान के दौरान टीम ने बालूशाही, सोनपापड़ी और एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक को नष्ट किया. खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने को लेकर कारोबारियों को आवश्यक निर्देश दिये.



