साहिबगंज के सत्यम कुमार का भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर में कुश्ती के लिए चयन हुआ है. उन्हें मुफ्त में आवासीय प्रशिक्षण मिलेगा.
साहिबगंज. साहिबगंज के पुरानी साहेबगंज निवासी सत्यम कुमार का हरियाणा के भिवानी में संचालित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर के आवासीय कुश्ती बालक प्रशिक्षण केंद्र के लिए अंतिम रूप से चयन किया गया है. चयन के बाद सत्यम कुमार हरियाणा के भिवानी के लिए रवाना हो गये हैं. वहां उन्हें निःशुल्क आवासीय व्यवस्था के साथ कुश्ती का अभ्यास करने का अवसर मिलेगा.
खेलो इंडिया केंद्र में लिया प्रशिक्षण
सत्यम कुमार खेल विभाग की ओर से चांद भैरव इनडोर स्टेडियम, साहेबगंज में संचालित खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र के प्रशिक्षु रहे हैं. यहां उन्होंने कुश्ती कोच प्रकाश सिंह बादल से प्रशिक्षण प्राप्त किया. अब भिवानी में रहकर वे कुश्ती का अभ्यास जारी रख सकेंगे और भविष्य में जिले एवं राज्य का नाम रोशन करने का लक्ष्य रखेंगे.
पहले भी कई खिलाड़ियों का हो चुका है चयन
खेल विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र से पूर्व में भी कई खिलाड़ियों का चयन जेएसएसपीएस अकादमी, रांची और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कुश्ती सेंटर, रांची के लिए किया जा चुका है.
अधिकारियों और खेल संघों ने दी बधाई
सत्यम कुमार के चयन पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार समेत साहिबगंज जिला ओलंपिक संघ, जिला कुश्ती संघ और जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई दी है.



