4 नवंबर को प्रत्येक बूथ पर होगी चुनाव पाठशाला, बीएलओ और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में होगी बैठक
बरहेट। प्रखंड क्षेत्र के दामिन उच्च विद्यालय के समीप स्थित ऑडिटोरियम हॉल में झामुमो प्रखंड समिति की बैठक प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नाड मरांडी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय गोस्वामी, सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 4 नवंबर 2026 को चुनाव पाठशाला के दौरान प्रत्येक बूथ पर बीएलओ, बीएलए-2 तथा पंचायत अध्यक्ष एवं सचिव की मौजूदगी में बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान एसआईआर प्रक्रिया के तहत अनमैप और एनोमली श्रेणी में शामिल मतदाताओं के आवश्यक दस्तावेज जुटाकर बीएलओ को उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
संजय गोस्वामी ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा। वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. नजरुल इस्लाम ने एसआईआर प्रक्रिया में छूटे मतदाताओं के दस्तावेज जमा कराने का निर्देश दिया। जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू ने भी बैठक को संबोधित किया। बैठक का संचालन प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान ने किया। मौके पर उपप्रमुख रूपक साह, गुंजन सिंघानिया, मोहम्मद अली अंसारी सहित विभिन्न पंचायतों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।



