जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू ने 500 मरीजों को गोद लेकर पोषण सहायता देने की जताई सहमति
बोरियो। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाजरत 83 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। यह पहल जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू के सौजन्य से की गई। उन्होंने साहिबगंज जिले के कुल 500 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध कराने की सहमति दी है। इसके प्रथम चरण में बोरियो एवं मंडरो प्रखंड के कुल 200 मरीजों के बीच पोषण किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. किरण माला एवं बोरियो सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार उपस्थित रहे।
नियमित दवा और पौष्टिक आहार पर जोर :
अधिकारियों ने मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने, पौष्टिक आहार का सेवन करने तथा इलाज पूरा करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीबी से स्वस्थ होने के लिए दवाओं के साथ पर्याप्त पोषण भी महत्वपूर्ण है।
मौके पर बीपीएम विष्णु कुमार भगत, एसटीएस कॉर्नेलियस सोरेन सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।



