मिर्जाचौकी अस्पताल में मंडरो प्रखंड के मरीजों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर, चिकित्सकों ने नियमित दवा और पौष्टिक आहार पर दिया जोर
मंडरो। टीबी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य और पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को मिर्जाचौकी अस्पताल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। साहिबगंज जिला यक्ष्मा पदाधिकारी (डीएमओ) के सहयोग से आयोजित शिविर में मंडरो प्रखंड के टीबी मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उनके बीच पोषण सह राशन किट का वितरण किया गया।
शिविर का नेतृत्व चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों को बीमारी के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी।
दवा के साथ पोषण भी जरूरी :
चिकित्सकों ने बताया कि टीबी के इलाज में नियमित रूप से दवा लेना जितना जरूरी है, उतना ही आवश्यक शरीर को पर्याप्त पोषण देना भी है। पौष्टिक भोजन से शरीर को ऊर्जा मिलती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने में मदद मिलती है। मरीजों को इलाज बीच में नहीं छोड़ने तथा चिकित्सकों की सलाह का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
पोषण किट मिलने से मरीजों को खानपान संबंधी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी। शिविर में अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।



