बरहरवा। बी.एस.के. महाविद्यालय, बरहरवा के छात्र एवं एनएसयूआई अध्यक्ष सोयेब अख्तर ने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट महोत्सव 2027 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। शनिवार को साहिबगंज के सिदो-कान्हू सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ था। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी सुधार पर अपने विचार रखे। सोयेब ने भी युवा सांसद के रूप में तार्किक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसकी निर्णायक मंडल ने सराहना की। उन्हें प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता से तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय चरण के लिए होना है। सोयेब ने कहा कि इस मंच से उन्हें अपने विचार रखने और अन्य युवाओं से सीखने का अवसर मिला। उन्होंने ऐसे आयोजनों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ के लिए उपयोगी बताया।



