41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 80 मीटर हर्डल्स में स्वर्ण पदक जीतकर बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
खेल किट देकर उपायुक्त ने की प्रतिभा और मेहनत की सराहना, जिले के युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
साहिबगंज। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले साहिबगंज के युवा एथलीट एमानुएल किस्कू को उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए एमानुएल ने अंडर-16 बालक वर्ग की 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने 10.10 सेकंड का समय दर्ज कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी स्थापित किया।

एमानुएल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उपायुक्त ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें खेल किट प्रदान की और उनकी मेहनत, लगन एवं प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना जिले के लिए गर्व की बात है। एमानुएल ने अपनी सफलता से साहिबगंज का नाम रोशन किया है और उनकी उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
उल्लेखनीय है कि एमानुएल किस्कू की यह सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। उनकी उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।



