बिजली, पेयजल, जर्जर छात्रावास और नियमित पढ़ाई की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन, एबीवीपी ने दिया समर्थन
बोरियो। साहिबगंज जिले के बोरियो स्थित शिबू सोरेन जनजातीय इंटर महाविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। दर्जनों विद्यार्थियों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन और जिला प्रशासन पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि छात्रावास की छत से पानी टपकता है और छत का मलबा गिरता रहता है। पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है तथा एकमात्र चापाकल लंबे समय से खराब पड़ा है। बिजली व्यवस्था भी बदहाल है। छात्रावास की इमारत जर्जर हो चुकी है और कई कमरों में खिड़की-दरवाजे तक नहीं हैं। इसके अलावा महाविद्यालय में नियमित पठन-पाठन नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने बताया कि इन समस्याओं को कई बार कॉलेज प्रबंधन और उपायुक्त के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी से नाराज होकर उन्हें तालाबंदी और अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। परिषद के विभाग संयोजक संजय दादा ने कहा कि जब तक पेयजल, बिजली, छात्रावास की मरम्मत, पुस्तकालय और नियमित पठन-पाठन की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक छात्रों के साथ आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में मिथुन मुर्मू, सुनील बास्की, मनोज हांसदा, दीपक रक्षित, पीयूष दत्ता, लुखीराम मुर्मू, बीटी मरांडी, प्रमिला किस्कू सहित दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल रहे।



