साहिबगंज। काली पूजा और छठ महापर्व को देखते हुए नगर परिषद की ओर से गंगा घाटों की साफ-सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 22 सफाईकर्मियों को विभिन्न घाटों की सफाई में लगाया गया है। शिव हरि के नेतृत्व में सफाईकर्मी नमामि गंगे घाट, शकुंतला सहाय घाट, पुराना रेलवे जहाज घाट, मुक्तेश्वर धाम और सीढ़ी घाट पर सफाई कार्य कर रहे हैं।
अभियान के दौरान गंगा घाटों की सीढ़ियों पर जमा कीचड़ और गंदगी को हटाया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और स्नान करने में परेशानी न हो। छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर परिषद की इस पहल का उद्देश्य पर्व के दौरान घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें।



