एनसीसी कैडेटों ने चलाया स्वच्छता अभियान, टीबी की जांच और नियमित उपचार के प्रति किया जागरूक
साहिबगंज। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को साहिबगंज महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्पेशल कैंपेन-6 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की जोश (JOSH) टीम के एनसीसी कैडेटों ने परिसर में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच तथा पूरा उपचार कराने के महत्व की जानकारी दी गई।
प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मौके पर एनसीसी नोडल पदाधिकारी डॉ. वसीम रजा, एनसीसी सहयोगी, कैडेट, शिक्षकगण तथा स्वास्थ्य विभाग के यक्ष्मा विभाग से पीपीएम दिनेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में टीबी मरीजों के प्रति भेदभाव समाप्त करने और संभावित मरीजों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया। अंत में सभी ने स्वच्छता अपनाने और टीबी मुक्त साहिबगंज बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।



