वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक, प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने रखी बात
साहिबगंज: नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाले कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय, साहिबगंज में बैठक हुई। इसके बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा।
बैठक में मुरैना (मध्य प्रदेश) के विधायक दिनेश गुर्जर, राजमहल लोकसभा प्रभारी मंजूर अंसारी और जिला प्रभारी डॉ. मुन्नम संजय का जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान के नेतृत्व में स्वागत किया गया।
मताधिकार की रक्षा का संकल्प: दिनेश गुर्जर :
विधायक दिनेश गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने मताधिकार की निष्पक्षता पर सवाल उठने की स्थिति में कांग्रेस द्वारा जनता की आवाज उठाने की बात कही और साहिबगंज से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता और उसके मताधिकार की सुरक्षा बेहद जरूरी है। कांग्रेस लगातार जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज उठा रही है। वहीँ मंजूर अंसारी और डॉ. मुन्ना संजय ने भी कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने की अपील की।
कार्यकर्ताओं को दिए दिशा-निर्देश :
जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि सभी प्रखंडों और मंडलों से कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संपर्क किया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदाता सूची और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता नरेश रजक ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता करीम अंसारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।



