साहिबगंज के सभी स्कूलों में शिकायत पेटी लगेगी. डीसी ने विकास योजनाओं, भूमि हस्तांतरण और प्रमाण पत्रों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए, साथ ही त्योहारों से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने को कहा.
साहिबगंज : डीसी सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित मामलों और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. डीसी ने जिले के सभी विद्यालयों में शिकायत पेटी लगाने और उसके पास डीसी, एसपी, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक के मोबाइल नंबर अंकित कराने का निर्देश दिया
भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस कॉलेज, एकलव्य विद्यालय, अग्निशमन कार्यालय, नगर परिषद कार्यालय और श्रमिक विद्यालय के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने और हस्तांतरण से जुड़े मामलों की समीक्षा की गयी. डीसी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भूमि संबंधी मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो.
त्योहारों से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने को कहा
आगामी पर्व-त्योहारों को ध्यान में रखते हुए डीसी ने जिला कोषागार पदाधिकारी को सभी कर्मियों के वेतन का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया.
विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य में तेजी लाने का निर्देश
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीसी ने राजमहल और बोरियो क्षेत्रों में प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाने का निर्देश संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को दिया. उन्होंने लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया.
जाति, निवास और आय प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदनों का होगा निष्पादन
जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रमाण पत्रों के निष्पादन की समीक्षा के दौरान डीसी ने सभी प्रखंडों में जाति प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने को कहा. साथ ही, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्रों के निष्पादन से संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्यों की प्रगति की निगरानी की जा सके.
हर 15 दिन में कार्यालय स्तर पर होगी समीक्षा
डीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को प्रत्येक 15 दिनों में अपने कार्यालय के कर्मियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया. इन बैठकों में लंबित मामलों, प्रशासनिक कार्यों और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा.
हेलीपैड निर्माण और अस्पताल के सीसीटीवी पर भी निर्देश
बरहेट में प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान डीसी ने संबंधित अधिकारियों को दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करते हुए नियमानुसार कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के विरोध की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
इसके अलावा सदर अस्पताल, साहिबगंज में सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कराने और व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया गया. भू-अर्जन से संबंधित लंबित भुगतानों की समीक्षा करते हुए डीसी ने भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी करने को भी कहा.
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे.



