मिर्जाचौकी में केदारनाथ धाम की तर्ज पर बने भव्य पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना आज होगी. नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की विशेष पूजा की गई.
मंडरो/साहिबगंज. शारदीय नवरात्र को लेकर मिर्जाचौकी दुर्गा मंदिर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. शनिवार को नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की विधिवत पूजा-अर्चना की गई. श्रद्धालुओं ने माता की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. वहीं, मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पूजा समिति के अनुसार, प्रतिमा स्थापना के बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा.आज प्रतिमा स्थापना के बाद खुलेगा मंदिर का पट
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल, टिंकल भगत और वीरेंद्र साह ने बताया कि शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से मां दुर्गा की प्रतिमा को मंदिर में निर्धारित स्थान पर विराजमान कराने का कार्य शुरू किया जाएगा. इसके बाद विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना होगी. धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा. इसके साथ ही भक्त माता रानी के दर्शन कर सकेंगे.
केदारनाथ धाम मंदिर की तर्ज पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल
इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर में आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया गया है. पूजा समिति के सदस्यों के अनुसार, पंडाल को केदारनाथ धाम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है. निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिलहाल फूलों से सजावट की जा रही है. शनिवार दोपहर तक पंडाल को पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.
प्रतिमा स्थापना की तैयारियों में जुटी पूजा समिति
मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना और पूजा की व्यवस्था को लेकर पूजा समिति के सदस्य जुटे हुए हैं. मंदिर परिसर में सजावट और अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं. पंडाल की आकर्षक साज-सज्जा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है.
शारदीय नवरात्र को लेकर मिर्जाचौकी और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है. मंदिर का पट खुलने के बाद श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे और माता रानी से सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे.



