महासप्तमी पर बरहेट में महा दुर्गा पूजा का उत्साह. भक्तों की भारी भीड़, जय माता दी के जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल.
बरहेट. शारदीय नवरात्र की महासप्तमी पर बरहेट प्रखंड मुख्यालय सहित पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला. वैदिक मंत्रोच्चार और ढाक-नगाड़ों की गूंज के बीच मां दुर्गा का कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया. कपाट खुलते ही पूजा पंडालों में माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. इस दौरान बरहेट बाजार स्थित मां दुर्गा काली माता मंदिर सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारी यात्रा निकाली गई.महासप्तमी पर मां के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
महासप्तमी के अवसर पर बरहेट बाजार, लबरी, धनजोड़ी, सरजमघुटू और पंचकठिया बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई. धार्मिक अनुष्ठानों और पारंपरिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. मां का कपाट खुलने के साथ ही पूजा पंडालों में दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया.
बड़ा तालाब और गुमानी नदी से भरा गया कलश में पवित्र जल

बारी यात्रा की शुरुआत मुख्य पूजा पंडाल में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई. इसके बाद पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं. गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच श्रद्धालुओं का काफिला बरहेट बाजार के बड़ा तालाब और गुमानी नदी तट पर पहुंचा.
यहां पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई. इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा और धार्मिक परंपराओं के अनुसार आगे की रस्में पूरी कीं.जय माता दी के जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल
पवित्र जल लेकर बारी यात्रा वापस मुख्य पूजा पंडाल पहुंची. पूरे रास्ते मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह के बीच बरहेट का माहौल पूरी तरह दुर्गामय नजर आया.
कलश स्थापना के बाद शुरू हुए मां के दर्शन
मुख्य पूजा पंडाल पहुंचने के बाद धार्मिक परंपराओं के अनुसार कलश स्थापना और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई. कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मां के दर्शन शुरू हो गए. शारदीय नवरात्र को लेकर क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में उत्साह बना हुआ है. श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं.



