JNU की घटना से नाराज BJP महिला मोर्चा ने कांग्रेस पर निशाना साधा और रांची में विरोध प्रदर्शन किया
रांची: झारखंड भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में शनिवार सैकड़ों भाजपा की कार्यकर्ता सड़क पर उतरीं और श्रद्धानंद रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और श्रद्धानंद रोड के प्रवेश द्वार पर ही बैरिकेडिंग कर दी गई. जिस वजह से महिला मोर्चा की आक्रोशित महिलाएं कांग्रेस कार्यालय तक नहीं पहुंच पाईं, लेकिन इस दौरान महिला पुलिस जवानों के साथ बहुत देर तक गुत्थम-गुत्थी होती रही.
बीजेपी के प्रतिकार में महिला कांग्रेस की भी प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो, सुंदरी तिर्की के नेतृत्व में झंडे और बैनरों के साथ सड़क पर उतर कर भाजपा विरोधी नारेबाजी करने लगीं. उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के मुद्दे पर चल रहे आंदोलन से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा की महिलाएं आंदोलन कर रही हैं. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के लोग इतने ही महिलाओं के हितैषी हैं तो अंकिता भंडारी, पहलवान बहनों के साथ अत्याचार करने वाले लोगों और अन्य भाजपाई जो सांसद-एमएलए बनें हैं, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं करते हैं.क्या है JNU का मामला
भाजपा की महिला मोर्चा की नेताओं ने कहा कि JNU की 11 छात्राओं द्वारा प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम पर यौन उत्पीड़न (Sexual Harassment) और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए. इस घटना को लेकर यूनिवर्सिटी की आंतरिक समिति (Internal Committee) ने जांच की थी, जिसमें आरोपों को सही पाया गया. इसके बाद JNU प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए प्रोफेसर अकोईजाम को विश्वविद्यालय सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया. इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा, झारखंड की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि छात्राओं का सीधा आरोप है कि प्रोफेसर ने कथित तौर पर मार्क्स (अंक) देने के बदले उनका शोषण करने का प्रयास किया लेकिन पूरे मामले पर राहुल गांधी चुप हैं.

BJP महिला मोर्चा का रांची में विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस महिलाओं का विरोध प्रदर्शन
‘यौन शोषक’ के खिलाफ कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस नेतृत्व पर बेहद हमलावर है और देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है. उसी के तहत शनिवार रांची में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर राहुल और प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है. आरोप है कि कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा महिला सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं और ‘पितृसत्ता को खत्म करने’ (Smash the Patriarchy) का नारा देते हैं, लेकिन अपनी ही पार्टी के सांसद पर लगे इन गंभीर आरोपों पर वे पूरी तरह मौन हैं. भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी एक ‘यौन शोषक’ का बचाव कर रही है और उन्होंने मांग की है कि कांग्रेस सांसद के खिलाफ तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.

BJP महिला का रांची में विरोध प्रदर्शन

BJP महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन
वोट चोरी और CEC को हटाने के लिए भाजपा इस तरह का कर रही है प्रदर्शनः कांग्रेस
भाजपा के प्रदर्शन के प्रतिउत्तर में कांग्रेस की प्रदेश महिला अध्यक्ष भी अपनी कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतर गयीं और भाजपा विरोधी नारेबाजी करने लगीं, उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे व्यापक आंदोलन से ध्यान भटकाने के लिए यह कर रही है.



