सरायकेला में भीषण डकैती की वारदात हुई है. घटना चांडिल थाना क्षेत्र की है. एक पूर्व जौहरी के घर को निशाना बनाया गया है.
सरायकेला-खरसावांः जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है. चांडिल थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित बस स्टैंड के समीप पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के आवास पर बीती रात 7-8 हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया.
हथियार के बल पर परिवार को बनाया बंधक
घटना शुक्रवार देर रात करीब 1:00 से 2:30 बजे के बीच हुई है. चेहरे पर गमछा बांधे 7 से 8 अपराधी मुख्य रास्ते से सुरेश चौधरी के घर में घुसे. घर के भीतर प्रवेश करते ही बदमाशों ने परिजनों पर बंदूक और धारदार हथियार तान दिए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया. इसके बाद अपराधियों ने घर के कमरों को खंगालकर वहां रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए. व्यवसाय बंद था, पर घर में रखे थे जेवरात
पीड़ित सुरेश चौधरी के पुत्र उमंग चौधरी ने बताया कि उनके पिता पूर्व में चांडिल बाजार में आभूषण का कारोबार करते थे. कुछ वर्षों पूर्व यह कारोबार बंद कर दिया था. हालांकि पारिवार के आभूषण घर में ही सुरक्षित रखे थे. सभी अपराधियों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जिस कारण अंधेरे में उनकी शिनाख्त करना कठिन हो गया.
इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस
चांडिल थाने से कुछ ही कदमों की दूरी पर हुई इस बड़ी वारदात से स्थानीय व्यवसायियों और निवासियों में भारी रोष व दहशत है. सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले में हर पहलू पर गहन जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.पत्रकार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
वारदात के बाद एक ओर जहां क्षेत्र में तनाव का माहौल था, वहीं दूसरी ओर स्थानीय पत्रकार प्रकाश कुमार ने ईमानदारी की मिसाल पेश की. घटना के बाद गली से गुजरते समय उन्हें जमीन पर गिरी करीब 2 लाख रुपये मूल्य की सोने की एक चेन मिली. उन्होंने बिना किसी देरी के वह चेन उमंग चौधरी को सौंप दी, जिसके लिए पीड़ित परिवार ने उनका आभार जताया है.



