दुमका में एक नाबालिग की दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई है. पुलिस जांच में जुटी है.
दुमका: जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में 16 साल की एक स्कूली छात्रा का शव बरामद हुआ है. परिजन छात्रा के साथ दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
खेत से बैल लेने गई थी लड़की
यह घटना शुक्रवार देर शाम हुई. काठीकुंड थाना क्षेत्र के एक गांव की 9वीं कक्षा की छात्रा को उसके पिता ने खेत में चरने के लिए भेजे गए बैलों को वापस लाने के लिए कहा. पिता ने कहा कि मैं किसी काम में व्यस्त हूं, तो तुम खेत जाकर बैल को ले आओ. पिता की बात मानकर नाबालिग लड़की बैल को लाने के लिए घर से निकल गई.
अंधेरा होने के बाद पिता ने देखा कि बैल तो घर लौट आए हैं, लेकिन उनकी बेटी नहीं लौटी. इसके बाद वे परिवार के एक-दो सदस्यों के साथ उसे खोजने निकले. कुछ दूर जाने पर उन्हें एक सुनसान जगह पर बच्ची की चप्पलें मिलीं. घबराकर उन्होंने कुछ ग्रामीणों को बुलाया और उन्हें घटना की जानकारी दी. उन्होंने तलाश जारी रखी और आखिरकार एक खेत में लड़की का शव मिला. उसके कपड़ों और शरीर की हालत से लग रहा था कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर नाक और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई.
पुलिस को दी गई सूचना
किसी को समझ नहीं आ रहा था कि ऐसी दुखद घटना कैसे हो गई. उन्होंने तुरंत घटनास्थल से काठीकुंड पुलिस को सूचना दी और पुलिस की टीम जल्द ही वहां पहुंच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका के एसडीपीओ दिलीप खलखो भी घटनास्थल पर पहुंचे. देर रात तक जांच चलती रही. पुलिस ने परिवार से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली, लेकिन अभी तक आरोपी के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है. शव को काठीकुंड थाने लाया गया है. पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि घटना में एक ही आरोपी शामिल था या एक से ज्यादा.
एसपी ने कहा- आरोपियों को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार
इस पूरे मामले पर दुमका जिले के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि नाबालिग लड़की का शव एक खेत से बरामद किया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आज उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि पुलिस की एक टीम बहुत गंभीरता से मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



