रांगा थाना पुलिस ने किया खुलासा, दूसरे आरोपी की तलाश जारी
बरहरवा/साहिबगंज। रांगा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर से बीते 17 सितंबर को चोरी हुए ट्रैक्टर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुंवरपुर निवासी उत्तम पंडित (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की रात कुंवरपुर से पतना चौक निवासी सोनू ठाकुर उर्फ महेश ठाकुर का ट्रैक्टर संख्या जेएच 17 एबी 5070 चोरी हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद रांगा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जंगल से चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया था।
पूछताछ में सहयोगी के साथ चोरी की बात कबूली :
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर बरामद होने के बाद से आरोपी उत्तम पंडित पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए गांव के आसपास छिपा हुआ था। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने सोमवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गोड्डा निवासी अपने सहयोगी छोटू पंडित के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं, चोरी हुआ ट्रैक्टर शीघ्र बरामद करने और आरोपी को गिरफ्तार करने को लेकर ग्रामीणों ने रांगा थाना पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।



