राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के तहत स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी गई
बरहरवा/साहिबगंज। सीएचसी बरहरवा अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर चांदपुर एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर सीउलीडांगा में मंगलवार को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणीकरण के लिए ऑनलाइन मूल्यांकन किया गया। राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ताओं ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं का विभिन्न मानकों के आधार पर आकलन किया।
चांदपुर में राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ता के रूप में डॉ. अरुण शर्मा एवं डॉ. रासेसुद्दीन तथा सीउलीडांगा में डॉ. भूषण चौधरी एवं हृषिकेश गयटोंडे ने मूल्यांकन किया। इस दौरान संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों की जांच, प्रसव पूर्व जांच, ओपीडी सेवा, परिवार नियोजन और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी गई।
इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध आवश्यक मशीन, उपकरण एवं उपस्कर, स्वास्थ्य संस्थान के सुदृढ़ीकरण, प्रचार-प्रसार सामग्री तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।
मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सरिता टुडू, बीपीएम संजय कुमार सिंह, गणेश चतुर्वेदी, सुरेंद्र कुमार रुहेला, शिव शंकर समेत सभी आंतरिक मूल्यांकनकर्ता एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।



